व्यापार मंडल ने एसडीएम और खंड अधिकारी को सौंपा मांगपत्र
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में प्रस्तावित सत्र न्यायालय के लिए स्थान चयन को लेकर व्यापार मंडल ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी है। व्यापार मंडल ने एसडीएम और खंड अधिकारी को मांगपत्र सौंपा, जिसमें जल्द सत्र न्यायालय के लिए उचित स्थान का चयन करने की मांग रखी। व्यापार मंडल ने कहा कि सत्र न्यायालय कोटखाई में खुलने जा रहा है, लेकिन इसके लिए भूमि का चयन अभी तक नहीं हुआ है। मंडल ने प्रशासन को अवगत करवाया कि तहसील भवन परिसर में पहले से ही पर्याप्त खाली स्थान और भवन उपलब्ध है, जो न्यायालय परिसर के लिए अत्यंत उपयुक्त हो सकते हैं। व्यापार मंडल ने प्रस्ताव रखा कि यदि न्यायालय परिसर किसी दूरस्थ स्थान में बनाया गया, तो इससे न केवल स्थानीय जनता को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा, बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कोटखाई केंद्र में न्यायालय बनने से न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। व्यापार मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि न्यायालय के स्थान चयन को लेकर शीघ्र निर्णय लिया जाए और एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और संबंधित विभागों को शामिल किया जाए। साथ ही मंडल ने कोटखाई के सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव, वाहन पार्किंग स्थल विकसित करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की भी मांग उठाई। इस दौरान व्यापार मंडल ने एसडीएम कोटखाई अभिषेक और नायब तहसीलदार कलम सिंह चौहान को सम्मानित किया।
इस मौके पर व्यापार मंडल कोटखाई के प्रधान मदन गांगटा, उपप्रधान प्रदीप घालटा (रिंकू), कोषाध्यक्ष महेंद्र घालटा, मुख्य सलाहकार मोहित नंदा, सचिव ज्ञान चंद, राजेश सूद, विजय महाजन, राजीव गुप्ता, अनिल सूद, विनोद चौहान, कृष्ण कुमार, रविन्द्र मेहता, अर्पित शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
कोट
एसडीएम अभिषेक ने बताया कि व्यापार मंडल की ओर से उन्हें विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। प्रशासन इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का प्रयास करेगा।