रोहडू। दूरदराज क्षेत्र जागंलिख के चमराड़ा गांव में एक दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। घटना में करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आगजनी की घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि आग बिजली के शाट सर्किट होने से भड़की है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत दे दी गई है।
जांगलिख पंचायत के चमराड़ा गांव में आगजनी की घटना उस वक्त घटी, जब घर पर कोई भी नहीं था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बिजली के शार्ट सर्किट से घर में आग भड़की होगी। हालांकि, सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आगजनी की घटना के समय घर का मालिक तवारसी तथा परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर थे। दो मंजिला मकान पूरी तरह से लकड़ी का बना हुआ था। मकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र तथा पुलिस को दी। देखते ही देखते लकड़ी का मकान पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गया। जब तक दमकल दस्ता और पुलिस पहुंचती घर आग में जलकर पूरी तरह से राख हो चुका था। मकान में चार कमरे और एक छोटी दुकान थी। प्रशासन की ओर से तहसीलदार चिड़गांव मस्त राम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी है। घटना में ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। एसडीएम रोहडू एमआर धीमान ने बताया कि मौके पर तहसीलदार को भेजा गया था। प्रभावित परिवार को फौरी राहत दे दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रभावितों की हरसंभव सहायता की जाएगी। तांगणु जांगलिख पंचायत प्रधान सुशीला नेगी ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि दस हजार रुपये की राशि बेघर हुए परिवार के लिए पर्याप्त नहीं है।