रामपुर और आउटर सिराज की
ऊंची चोटियों में ताजा हिमपात
जलोड़ी जोत में 15 से 30 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी
अमर उजाला ब्यूरो
दलाश (कुल्लू)। शुक्रवार शाम से मौसम के बदले मिजाज ने नवंबर माह की शुरूआत में ही दिसंबर का अहसास करवा दिया है। शुक्रवार रात से रामपुर और कुल्लू जिले के आउटर सिराज की ऊंची चोटियों में हिमपात का क्रम जारी है। वहीं निचले इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शनिवार देर शाम तक जारी रहा। इसके चलते समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है।
जिला कुल्लू को आऊटर सिराज से जोड़ने वाला एक मात्र एनएच 305 औट-लूहरी-सैंज मार्ग बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बाधित हो गया है। जलोड़ी दर्रा बंद होने से एनएच पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लग गई है। 10280 फुट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी दर्रे में 30 से 60 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। आनी और निरमंड के लोगों को करसोग, मंडी, शिमला होकर जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना पड़ रहा है। खनाग पंचायत के उपप्रधान बुद्धि सिंह ठाकुर के अनुसार यह नेशनल हाईवे बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बाधित रहता है। बर्फबारी और बारिश के कारण क्षेत्र के किसान बागवानों ने राहत की सांस ली है। रामपुर उपमंडल श्राईकोटी, मझाली, सराहन, किन्नू, काशापाट, दरकाली में ताजा हिमपात हुआ है।
क्षेत्र के बागवान सुनील चौहान, दयाल कायथ, विमल चौहान, मनोज शर्मा, बॉबी मेहता, किशोरी लाल, करन जिष्टू, सेवा राम, बिक्कू सहित अन्य बागवानों ने कहा कि सीजन का यह हिमपात सेब के पौधों के लिए काफी लाभदायक है। इस बर्फबारी से सेब के पौधों को लगने वाले रोगों से निजात मिलेगी।