सिल्ट बढ़ी, परियोजनाओं में बिजली उत्पादन बंद
गानवीं और नोगली खड्ड में जलस्तर बढ़ा
बिजली बोर्ड समेत आधा दर्जन निजी परियोजनाएं बंद
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर/ज्यूरी। रामपुर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदी-नालों में सिल्ट बढ़ने के कारण कई परियोजनाओं में बिजली उत्पादन शुक्रवार को बंद रहा। बिजली बोर्ड को तीन परियोजनाएं 22.5 मेगावाट की गानवीं चरण एक, 10 मेगावाट की गानवीं चरण दो, 2.5 मेगावाट की नोगली परियोजनाएं बंद करनी पड़ीं। वहीं निजी परियोजनाएं लोअर ननती, अपर ननती समेत अन्य परियोजनाओं को भी पानी में सिल्ट की मात्रा बढ़ जाने के कारण बंद करना पड़ा है। हालांकि बिजली बोर्ड की परियोजनाओं के बंद होने से बिजली बोर्ड को लाखों का नुकसान हो रहा है।
इस संबंध में गानवीं परियोजना के स्थानिक अभियंता कन्हैया लाल शर्मा के अनुसार भारी बारिश के कारण सिल्ट को मात्रा काफी ज्यादा होने से परियोजनाओं को बंद करवाना पड़ रहा है। जैसे ही सिल्ट की मात्रा कम होगी तो दोबारा से उत्पाद शुरू किया जाएगा। वहीं सतलुज नदी में सिल्ट के बढ़ने से नाथपा-झाकड़ी परियोजना और रामपुर परियोजना प्रबंधन ने डैम साइट से पानी को छोड़ने के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में एसडीएम रामपुर नरेश चौहान को भी सूचित किया गया कि सिल्ट के बढ़ने से बिजली उत्पादन बाधित रहेगा। प्रोजेक्ट करीब 1500 क्यूमैक्स पानी छोड़ेगा। जिसके कारण सतलुज का आगे का जलस्तर एकाएक बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों से भी नदी से दूर रहने का आह्वान किया गया है।