खेलों के साथ पढ़ाई में अव्वल होनहार नवाजे
रावमापा नित्थर में धूमधाम से मनाया गया सालाना समारोह
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मचाया धमाल
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नित्थर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। समारोह की अध्यक्षता नायब तहसीलदार प्रदीप चंदेल की ओर से की गई। विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. विपिन कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
प्रधानाचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट समारोह में मौजूद लोगों के समक्ष प्रस्तुत की, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में छठी कक्षा से लेकर 12वीं कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे छात्रों को सम्मानित किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुतियां पेशकर धमाल मचाया। उन्होंने पहाड़ी, किन्नौरी नाटी और फिल्मी गाने पेशकर खूब वाहवाही लूटी। वहीं विद्यार्थियों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर भी नाटक प्रस्तुत कर मन मोहा। मुख्य अतिथि किशोरी लाल सागर ने अपनी ऐच्छिक निधि से 11000 रुपये की राशि भेंट की और स्कूल के खेल मैदान के लिए 5 लाख, स्टेज बनाने के लिए 5 लाख सहित स्कूल प्रांगण में टाइल बिछाने के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं उन्होंने नित्थर में पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष देशराज शर्मा, दुर्गानंद, शेर सिंह, संतोष गोस्वामी, सुरेंद्र चौहान, रंभा देवी, दीवान सिंह, महिंद्र, विजय, पंचायत समिति निरमंड की अध्यक्ष बिंदू बाला, महिला मोर्चा की अध्यक्ष चमेलू देवी, उपाध्यक्ष ज्ञान ठाकुर, भाजपा मंडल आनी मीडिया प्रभारी यशवर्द्धन शर्मा, लाल सिंह ठाकुर, बिंदु देवी, चंद्रकांता, निशा देवी, दिलीप ठाकुर, जगदीश ठाकुर, अजीत ठाकुर और विक्रम सिंह सहित अभिभावक सहित कई अन्य मौजूद रहे।