मुख्यमंत्री ने खड़ापत्थर-शीलघाट-शरोंथा-टिक्कर और पटसारी-झड़ग-शीलघाट सड़कों को मुख्य जिला सड़कें बनाने की घोषणा की। उन्होंने सीमा कॉलेज में बहुद्देश्यीय सभागार, कैंटीन तथा आधुनिक छात्रा छात्रावास, रोहड़ू में पार्किंग परिसर, सीमा-रतनाड़ी सड़क के स्तरोन्नत के लिए 20 लाख व क्षेत्र के विभिन्न सम्पर्क मार्गों के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा की।
वहीं मुख्यमंत्री ने कांडा में पशु औषधालय खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने रनटाडी पंचायत में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। निर्माणाधीन सब्जी मंडी रोहड़ू के कार्य में तेजी लाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने प्रदेश की विकासात्मक मांगों को अधिमान दिया है।
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व 10.30 करोड़ रुपये की लागत से समोली में 70 मीटर लंबे पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने 7.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीमा कालेज के प्रशासनिक खंड का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने धुमाधार -मस्तोट, बाशला-अंटापु-सरीधार तथा कोफटू-कोराला-पेखाधार-बजशाल के लिए बनने वाली सड़कों का भूमि पूजन किया।
भाजपा उम्मीदवार रही शशिबाला ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया
रोहड़ू क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार रही शशिबाला ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न मांगों को रखा। मंडल अध्यक्ष बलदेव रांटा ने मुख्यमंत्री तथा अन्य मेहमानों का स्वागत किया। इस दौरान चौपाल के विधायक बलदेव वर्मा, महिला मोर्चा महासू की अध्यक्ष प्रवीण छाजटा, उपायुक्त अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक ओमापति जमवाल, भाजपा उपाध्यक्ष शशि रावत, सुधीर चौहान सहित मंडल व जिला के पदाधिकारी उपस्थित थे।