रामपुर, समेज, ननखड़ी और आनी में शिक्षक दिवस की धूम
शिक्षकों के सम्मान में छात्रों ने आयोजित किए विभिन्न कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर/ननखड़ी/आनी। अखिल भारतीय अवार्डी टीचर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्योति लाल मेहता ने शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले अध्यापकों को बधाई दी है। रामपुर कॉलेज की एबीवीपी इकाई ने कॉलेज में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर सभी शिक्षकों को उपहार भेंट किए। सेंट मेरी स्कूल ननखड़ी में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य रवि मेहता कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल परिसर में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके खूब समां बांधा। वहीं इस उपलक्ष्य पर प्रतियोगिताओं का भी दौर चला। छात्र-छात्राओं ने भाषण, प्रश्नोत्तरी और समूह गान सहित अन्य प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
आनी कॉलेज में अध्यापक दिवस धूमधाम से मनाया गया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और एनएसयूआई ने प्राचार्य और सभी शिक्षकों को मिठाई खिला कर दिवस की बधाई दी। वहीं आनी मुख्यालय में तीन सरकारी और पांच निजी स्कूलों में भी शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। खंड स्तरीय शिक्षक दिवस दिव्य लोक पब्लिक स्कूल में मनाया गया। राजकीय आदर्श विद्यालय आनी में भी शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्कूल में शिक्षा संवाद कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षा संवाद कार्यक्रम के तहत दिशा-निर्देशों को अभिभावकों के सामने रखा। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खटनोल में भी शिक्षक दिवस की धूम रही। स्कूली छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। छात्रों ने देश के भूतपूर्व राष्ट्रपति राधाकृष्णन के शिक्षा जगत में अभूतपूर्व योगदान को भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से याद किया। प्रधानाचार्य राहुल शर्मा ने छात्रों से उच्च शिक्षा प्राप्त करके देशहित के लिए कार्य करने का आह्वान किया। वहीं वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समेज में भी शिक्षक दिवस पर छात्रों ने शिक्षकों को सम्मानित किया। छात्रों ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों का भरपूर मनोरंजन किया।