रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की किन्नू पंचायत के उचित मूल्य के डिपो से कार्ड धारक उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल रहा है। कुछ लोगों ने जून 2016 से राशन प्राप्त नहीं किया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से डिपो संचालक की लिखित शिकायत की है। आरोप लगाया गया कि डिपो संचालक उपभोक्ताओं को समय पर पूरा राशन उपलब्ध नहीं करवा रहा है। इससे उनको परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने यह आरोप लगाया है कि डिपो में आने वाला राशन गैर कार्ड धारक लोगों को गलत तरीके से बेचा जा रहा है। एसडीएम से मांग की गई है कि डिपो संचालक के खिलाफ जांच की कार्रवाई की जाए।
किन्नू पंचायत के पूर्व उप प्रधान लाल सिंह डिंगटू, केशव राम, अनिल कुमार, तारा चंद, ज्योति डिंगटू सहित करीब डेढ़ दर्जन उपभोक्ताओं ने एसडीएम रामपुर निपुण जिंदल को शिकायत पत्र भेजा। पत्र में कहा गया है कि किन्नू पंचायत के तहत आने वाले राजस्व गांव किन्नू, पिथवी, रूनपू, बगावट, खराया, थाडा, छनाच के लोग किन्नू राशन डिपो से सामान खरीदते हैं। यहां से करीब 350 एपीएल, 130 बीपीएल और 78 टीपीडीएस योजना के तहत कार्ड पर राशन खरीदते हैं। डिपो संचालक राशन कार्ड धारकों को मिलने वाला राशन का नियम अनुसार वितरण नहीं करता है। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग से भी लिखित शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं को थोड़ा बहुत राशन दिया जाता है उन्हें बिल नहीं देते। उधर, डिपो संचालक पदम लकटू ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि डिपो में आने वाला सामान उपभोक्ताओं को समय पर उपलब्ध करवाया जा रहा। किसी प्रकार को गड़बड़ी नहीं की जा रही है। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग रामपुर के निरीक्षक धनवीर ठाकुर ने बताया कि इस मामले की छानबीन करेंगे और गड़बड़ी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।