दूषित पानी पी रहा सचिवालय का स्टाफ
रामपुर मिनी सचिवालय में चल रहे 12 विभाग
पानी की टंकियों में नहाते रहते हैं बंदर
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के मिनी सचिवालय के सैकड़ों कर्मचारी अधिकारी दूषित पानी पी रहे हैं। मिनी सचिवालय की सबसे ऊपरी मंजिल में लोक निर्माण विभाग ने पानी की टंकियां रखी हैं, जिसमें बंदर नहाते हैं और पानी दूषित कर देते हैं। पानी की टंकियों के ढक्कन बंदरों ने तोड़ दिए हैं और इसकी तरफ प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। मौजूदा समय में सचिवालय में इस समय एक दर्जन कार्यालय चल रहे हैं।
रामपुर स्थित मिनी सचिवालय में पुलिस, शिक्षा विभाग, एचपीएमसी, हिमफैड, नगर नियोजन विभाग, श्रम कार्यालय, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, जनकल्याण विभाग, आबकारी एवं कराधान और लोक संपर्क विभाग के कार्यालय चल रहे हैं। सचिवालय की सबसे ऊपरी मंजिल में लोक निर्माण विभाग ने पानी की चार टंकियां रखी हैं। उत्पाती बंदरों ने ऊपरी मंजिल में लगी शीशे की खिड़कियां तोड़ दी हैं और इन्हीं रास्तों से यह बंदर इन टंकियों तक पहुंचते हैं। बंदर इन टंकियों में नहाते रहते हैं। बंदरों ने टंकियों के ढक्कनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिसके कारण ये टंकियां खुली रहती हैं।
इस संबंध में तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर के अनुसार उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। समस्या को लेकर सचिवालय में तैनात विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर इस संबंध में जल्द से जल्द कदम उठाए जाएंगे।