अठारह दुकानों में नहीं मिली मूल्य सूची
विभाग ने जब्त किए फल-सब्जियां, साढ़े ग्यारह हजार जुर्माना वसूला
रिकांगपिओ बाजार व सब्जी मोहल्ला में किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में सब्जी विक्रेताओं की ओर से दुकानों में रेट लिस्ट न लगाने और नियमों की अवहेलना पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रिकांगपिओ बाजार व सब्जी मोहल्ला में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक एवं उपभोक्ता मामले किन्नौर ईश्वर चंद की अगुवाई में दुकानों का निरीक्षण किया गया।
विभाग की टीम ने 18 दुकानों में कुुछ फलों और सब्जियों की मूल्य सूची नहीं पाई। इस पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लगभग 341 किलोग्राम फल और सब्जियों को जब्त कर 11 हजार 810 रुपये जुर्माना वसूला। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ईश्वर चंद ने सब्जी विक्रेताओं को हिदायत दी कि जल्द दुकानों में रेट लिस्ट लगाना सुनिश्चित करें अन्यथा सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग की ओर से भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।