जिला किन्नौर में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाते स्वास्थ्य कर्मचारी
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में रविवार को विशेष अभियान के तहत 5168 शिशुओं को पोलियो की दवा पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 4873 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा था लेकिन विभाग ने इससे अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। यह जानकारी टीकाकरण अधिकारी किन्नौर डॉ. अन्वेषा ने दी।
उन्होंने कहा कि जिले में 100 बूथ स्थापित किए गए थे। सांगला क्षेत्र में 13, रिकांगपिओ क्षेत्र में 17, पूह स्वास्थ्य खंड में 34 और निचार विकास खंड में 36 बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई गई। इस अभियान में 412 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा-वर्कर्स ने सहयोग दिया। इसमें 20 सुपरवाइजर भी शामिल रहे। डॉ. अन्वेषा ने बताया कि एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा रहे बच्चों की सुविधा के लिए अकपा और चोरा में विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। यहां वाहनों से आने और जाने वाले सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।