बरसात से नोगली खड्ड में बढ़ी सिल्ट
रामपुर उपमंडल की कई पंचायतों में गहराई पेयजल किल्लत
सिल्ट कम होने पर होगी पेयजल आपूर्ति : आईपीएच
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बरसात के बाद भी लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। बरसात के चलते सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की पेयजल योजनाएं काफी प्रभावित हो गई हैं। रामपुर शहर के लिए नोगली खड्ड से बनी उठाऊ पेयजल योजना भी खड्ड में सिल्ट बढ़ने के कारण ठप पड़ गई है। इसके चलते रामपुर नगर परिषद के आधे शहर सहित क्षेत्र की चार पंचायतों के हजारों लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। खड्ड का पानी साफ होने तक पेयजल आपूर्ति बहाल होना मुश्किल है।
गौरतलब है कि बीते शनिवार और रविवार को क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण नोगली खड्ड में सिल्ट की मात्रा बढ़ गई है। इसी कारण आईपीएच विभाग ने करोड़ों की लागत से बनी पेयजल योजना को बंद कर दिया है। सिल्ट बढ़ने के कारण पानी में गंदगी बढ़ गई है। इसके चलते नगर परिषद रामपुर के आधे क्षेत्र, डकोलढ़, भड़ावली पंचायत के नोगली, देवटन, शिंगला, उरू, लालसा और डंसा पंचायत में पेयजल किल्लत की समस्या गहरा गई है। बीते दो दिनों से इन क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। विभाग के अनुसार खड्ड में पानी साफ होने और सिल्ट की मात्रा घटने के बाद ही पेयजल आपूर्ति बहाल हो पाएगी। एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने क्षेत्र की जनता से पानी का सदुपयोग करने की अपील की है। उधर, आईपीएच विभाग रामपुर के अधिशाषी अभियंता बीएस राजपूत ने बताया कि नोगली खड्ड में सिल्ट की मात्रा बढ़ने से पेयजल आपूर्ति बंद कर दी गई है। खड्ड में सिल्ट कम होने के बाद ही पेयजल आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।