आनी क्षेत्र में कई ग्रामीण
सड़कों की हालत खस्ता
बागबानों को सता रही सेब को मंडियों तक पहुंचाने की चिंता
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। क्षेत्र में बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण किसानों और बागवानों को काफी नुकसान हुआ है। डेढ़ सप्ताह पहले हुई बारिश से डुघा शिगाण सड़क काफी खस्ताहाल है। जगह-जगह सड़क पर मलबा आ जाने से सड़क अभी तक बंद पड़ा है। क्षेत्र के विवेक ठाकुर, प्रताप ठाकुर, राजकुमार, नरेश, संतोष, मुकेश और रामकृष्ण सहित अन्य लोगों के अनुसार सेब सीजन जल्द ही जोर शोर से शुरू होने वाला है। करोड़ों रुपये की नकदी और सिराज की मुख्य फसल सेब अब तैयार हो कर मंडियों में भेजने के लिए तैयार है, लेकिन सड़कों की हालत बदतर है। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
वहीं इस संबंध मेें लोक निर्माण विभाग दलाश उपमंडल के कनिष्ठ अभियंता लाल चंद के अनुसार शिगाण तक मार्ग को कल शाम तक बहाल कर दिया जाएगा। मार्ग के समीप बने घरों के पास गिरे मलबे को उठाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। जल्द ही सड़क बहाल की जाएगी। वहीं सड़क की दयनीय हालत के बारे मेें क्षेत्र के युवकों ने भी बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने फैसला लिया कि यदि लोनिवि से इस सड़क को 2 दिन के भीतर दुरुस्त नहीं करता, तो वे एसडीएम आनी के माध्यम से जिलाधीश कुल्लू से सड़क के सिलसिले में लिखित शिकायत पत्र भेजेंगे।