कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
विधायक राकेश सिंघा ने शनिवार को कुमारसैन विश्रामगृह में विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा और लोगों की समस्याएं सुनी। बैठक में कुमारसैन उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। राकेश सिंघा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों के साथ तालमेल बनाकर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान की जाए।
क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए अधिकारियों के साथ हर तीन माह में समीक्षा बैठक भी रखी जाएगी और कार्यों की प्रगति रिपोर्ट चेक की जाएगी। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृति को रोकने के लिए अवैध रूप से नशे के कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। राकेश सिंघा ने विभिन्न पंचायतों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर अधिकारियों को हल करने के निर्देश भी दिए। लोगों ने पेयजल योजना और सड़कों की दशा सुधारने क्षेत्र में विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने की मांग भी रखी। साथ ही डमाड़ी गांव के ग्रामीणों ने मुख्य बाजार से गांव को जाने वाली सड़क को लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लाने और सड़क की मरम्मत के लिए धन का प्रावधान करने की मांग भी रखी। इस दौरान एसडीएम नीरज गुप्ता, बीडीओ पूनम, डीएफओ एचके गुप्ता, विद्युत बोर्ड के इक्सईएन एसके सकलानी, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन उमेश शर्मा, एचडीओ देवराज कायथ, पंचायत समिति अध्यक्ष मीरा शर्मा, प्रधान परिषद के अध्यक्ष अमर सिंह नलवा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।