बांठन चली जातरे-जातरे पर मचा धमाल
महामाया पब्लिक स्कूल सरैन ने मनाया सालाना समारोह
बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर लूटी वाहवाही
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। ग्राम पंचायत सरांह के महामाया पब्लिक स्कूल सरैन में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में सोमदत्त शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। जिन्हें काफी सराहा गया।
इस अवसर पर स्कूल की छात्रा रिया शर्मा ने बांठन चली जातरे-जातरे, लौंग-लाची, ताल से ताल मिला आदि गीत गाकर वाहवाही लूटी। इसके पश्चात अभिनव, अपर्णा और अंबिका ने पंजाबी गानों की प्रस्तुति दी। स्कूल के छात्रों साहिल, निखिल, तृप्ति पटियाल, आस्तिक, प्रज्ज्वल और अनमोल ने प्रस्तुतियां दीं। छात्रों की ओर से पेश पहाड़ी नाटी ‘पारी बोलो ढाक दौ रीडूआ तेरे’ को लोगों ने काफी सराहा। स्कूल प्रधानाचार्य सरोज शर्मा ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पढ़ कर सुनाई। स्कूल के चेयरमैन रवि अजटा ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अभिभावकों व स्टाफ के सदस्यों का आभार जताया। इस अवसर पर उपप्रधान ग्राम पंचायत सरैन महेंद्र सिंह ठाकुर, सीता राम ठाकुर, रमेश शर्मा, प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक सरैन दीपक कुमार, स्कूल प्रिंसिपल सरोज शर्मा और चेयरमैन महामाया पब्लिक स्कूल सरैन रवि अजटा आदि उपस्थित रहे।