चूड़धार जाने वाले भक्तों के लिए बनेगी सराय
चूड़ेश्वर सेवा समिति चूड़धार करेगी सराय का निर्माण
विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने किया शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। चूड़धार जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिरगुल महाराज की सराय का निर्माण सरांह में किया जा रहा है। सराय भवन के निर्माण पर करीब साठ लाख खर्च किए जाने हैं। इसका शिलान्यास विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने किया।
इस सराय के शिलान्यास समारोह में क्षेत्र के काफी संख्या में लोगों ने शिरकत की। इस सराय भवन का निर्माण चूड़ेश्वर सेवा समिति चूड़धार की ओर से किया जाएगा। विधायक चौपाल बलवीर सिंह वर्मा ने इस भवन निर्माण के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की। हर वर्ष चूड़धार के लिए सरैन के रास्ते हजारों श्रद्धालु जाते हैं। सरेन में श्रद्धालुओं के लिए रात्रि विश्राम की कोई व्यवस्था नहीं है। चूड़ेश्वर सेवा समिति चूड़धार के अध्यक्ष बलदेव चौहान, चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष शिविंद्र चंदेल और वरिष्ठ सदस्य कृष्ण शर्मा ने कहा कि इस सराय भवन को जल्दी से तैयार कर दिया जाएगा। शिरगुल महाराज के धार्मिक स्थल चूड़धार में चूड़ेश्वर सेवा समिति पहले ही कई सराय भवन का निर्माण कर चुकी है। उसमें पहले से लगभग पंद्रह सौ से दो हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था है।
चूड़ेश्वर सेवा समिति में लगभग बीस हजार सदस्य हैं। इस अवसर पर भंडारी प्रदीप कुमार, समिति के अध्यक्ष बलदेव चौहान, जगदीश जिंटा, मंगत राम शर्मा, वरिष्ठ नागरिक अमर सिंह चौहान, चूड़ेश्वर सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य रामभजन चौहान, शविंद्र चंदेल, बीडीसी सदस्य मंगतराम शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत सरेन नीलम देवी, बीडीसी सदस्य शशि चौहान, प्रधान ग्राम पंचायत थाना प्रताप शर्मा, हीरा लाल पनाईक, सेवानिवृत्त शिक्षक सीताराम जस्टा, पूर्व प्रधान सोहन सिंह, बालकराम हिमटा, लंबरदार मोहर सिंह, लायक राम, नैन सिंह मेगटा, पूर्व प्रधान जीवन सिंह, रविंद्र चंदेल, बारू राम चौहान और लंबरदार शेर सिंह उपस्थित थे।