अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
देश के प्रगतिशील जनवादी संगठन, किसान, युवा, महिला बैंक, बीमा, नौजवान मजदूर, कर्मचारी और सामाजिक संगठनों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। रामपुर में भी माकपा के बैनर तले मोदी सरकार की पोल खोल हल्ला बोल के तहत जन एकता-जन अधिकार मंच ने प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जन एकता एवं जन अधिकार मंच के राज्य सह संयोजक प्रेम गौतम ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए मोदी सरकार ने जो काम किए हैं, वो सबके सामने हैं। सार्वजनिक संस्थानों को एक-एक कर निजी संस्थानों को बेचा जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही इनके दाम बढ़ने का विरोध किया गया। हिमाचल किसान सभा के पूर्व सचिव डॉ. ओंकार शाद ने कहा कि जयराम सरकार प्रदेश के गरीब किसानों और बागवानों के सेब के पेड़ काटने में लगी है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की हालात पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल बंद होने की कगार पर हैं। इनमें शिक्षकों की भर्ती नहीं हो पा रही। इस दौरान नरेंद्र देष्टा, राम दास, सुंमणि, विकेश, मंगल, नीलदत्त, आलोक, अंकित, प्रेम चौहान, हितेश हास्टा, हरीश भलूनी, प्रकाश, गुलाब सिंह, विवेक कश्यप, संदीप, जगदीश, हरी सिंह कपूर, बिहारी सेवगी, कुलदीप, गोपाल, मोहित, नेहा, चांदनी, आशु भारती, ओम प्रकाश भारती सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।