फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क से नहीं जुड़ सका डकोलू गांव

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
क्षेत्र की दूरदराज पंचायत कोटीघाट के डकोलू गांव के लोगों को सड़क सुविधा नहीं मिल रही। ऐसे में उनको पैदल ही कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। लोगों को कोटीघाट से हरिजन बस्ती डकोलू के लिए सिलिंडर ले जाने के लिए 100 रुपये और डकोलू से सड़क तक सेब की पेटी ले जाने के लिए 50 रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। गांव के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। गांव के लिए सड़क की मंजूरी मिलने और निर्माण से पहले ही फिर 20 पेड़ों का पेच फंस गया है।
विज्ञापन

वर्ष 2013 में क्षेत्र के डकोलू, डगरोत, बगैन गांव की लगभग 400 आबादी के लिए पांच किलोमीटर सड़क निर्माण की मंजूरी मिली थी। लेकिन वन विभाग की जमीन से होकर जाने वाली सड़क में 178 पेड़ों को काटने की मंजूरी मिलने में कई साल लग गए। मंजूरी मिलने के बाद आखिरकार कॉरपोरेशन की ओर से पेड़ों को हटाया गया और लोनिवि ने डेढ़ किलोमीटर का टेंडर भी ठेकेदार को दे दिया। इसके बाद इन गांव के लोगों को सड़क निर्माण शुरू होने की आस जगी। लेकिन अब वन विभाग ने फिर से सड़क निर्माण में पेच फंसा दिया है। बीट गार्ड की रिपोर्ट के अनुसार सड़क निर्माण में अभी भी श्रेणी पांच के 20 पेड़ों का कटान होना है, जिसकी मंजूरी मिलने के बाद ही कार्य शुरू होगा। वार्ड सदस्य सुनपा देवी, महिला मंडल डकोलू प्रधान शकुंतला देवी, वार्ड सदस्य गोपीचंद कश्यप, सतपाल कश्यप, युवक मंडल प्रधान दलीप शर्मा, दिनेश शर्मा, बालकराम ठाकुर, नरसुख और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क में लगने वाले सभी पेड़ों को विभाग की ओर से काट दिया गया हैं, जहां तक अभी टेंडर हुआ है। सड़क में कोई भी पेड़ नहीं आ रहा। ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि विभाग जिन 20 पेड़ों की बात कर रहा है, उसकी स्वीकृति की फाइल पहले 178 पेड़ों की फाइल के साथ क्यों नहीं भेजी गई। ग्राम पंचायत के माध्यम से भी कई बार विभाग से जल्द कार्य निपटाने की मांग की गई। लेकिन इस पर कोई गौर नहीं किया गया। ग्राम पंचायत के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक राकेश सिंघा से भी सड़क की समस्या को जल्द सुलझाने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश सरकार और विभाग से समय रहते डकोलू सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। उधर, वन विभाग के आरओ महेंद्र ठाकुर ने कहा कि हरिजन बस्ती डकोलू के लिए बनने वाली सड़क में 20 पेड़ों के कटान की स्वीकृति की फाइल उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही पेड़ों को काट कर सड़क निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें