99,200 रुपये की नकदी भी मिली, महिला गिरफ्तार
पुलिस और डिटेक्शन सेल की टीम ने मारा छापा
बाहरी राज्यों में चरस की आपूर्ति किए जाने की सूचना, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पुलिस थाना आनी की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कूट गांव में एक महिला के मकान से 2.990 किलोग्राम चरस और 99,200 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम को पुलिस टीम राणाबाग, शवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली कि तहसील आनी के गांव कूट निवासी एक महिला ने अपने घर में चरस की बड़ी खेप रखी है और वह बाहरी राज्यों के लोगों को इसकी आपूर्ति करती है।
सूचना के आधार पर एएसआई विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और डिटेक्शन सेल आनी ने संयुक्त रूप से महिला के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने 2.990 किलोग्राम चरस बरामद की। इसके अलावा 99,200 रुपये की नकदी भी कब्जे में ली गई। आरोपी महिला की पहचान जोवन दासी निवासी गांव कूट, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। डीएसपी राजीव मेहता ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस बरामद चरस के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों का पता लगा रही है।