नाटी पर विद्यार्थियों ने मचाया धमाल
पीजी कॉलेज में भूगोल सोसायटी ने दी वेलकम पार्टी
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय जीबी पंत मेमोरियल कॉलेज रामपुर में भूगोल सोसायटी ने नए छात्रों के स्वागत के लिए वीरवार को वेलकम पार्टी का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके वाहवाही लूटी।
पार्टी में कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. केसी कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का आगाज किया। इस दौरान भूगोल विभाग के अध्यक्ष डॉ. सतीश नेगी ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ छात्रों ने पहाड़ी, कुल्लुवी और पंजाबी गाने प्रस्तुत करके सभी विद्यार्थियों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। पहाड़ी गानों में देर शाम तक छात्रों और शिक्षकों ने जमकर नाटी का आनंद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से शुरू किया गया। इसके बाद एमएससी प्रथम वर्ष के छात्रों ने बुशहरी नाटी, माये रे बंदी रे, डुगे नालुए डुगे नालुए गानों पर नाटी पेश की, जिस पर छात्रों ने खूब धमाल मचाया। इसके अलावा एमएससी के छात्र और छात्रों ने पंजाबी डांस, रीता कौशल ने एकल गान और अंकित ने एकल डांस पेश किया। पार्टी में कॉलेज के डॉ. राजन नेगी, डॉ. हरी चंद्र नेगी, डॉ. प्रताप ठाकुर, डॉ. रामलाल नेगी, प्रो. कुशाल शर्मा, प्रो. ईश्वर नेगी, प्रो. नरगू, प्रो. संगीता और प्रो. प्रीति पांटा सहित कई अन्य कॉलेज के स्टाफ मौजूद रहे।