फिर से नीलाम होगी पार्किंग और अतिथि गृह
आनी पंचायत समिति को हर साल होती है लाखों की आय
बोलीदाता ने तीन माह के बाद छोड़ी पार्किंग-अतिथि गृह
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। आनी में पंचायत समिति को पार्किंग और अतिथि गृह से होने वाली लाखों रुपये की आमदनी में इस बार घाटा उठाया पड़ रहा है। वर्ष 2018-19 के लिए साढ़े 5 लाख रुपये में नीलाम हुई पार्किंग और अतिथि गृह को बोलीदाता ने तीन माह तक इस्तेमाल कर अब छोड़ दिया है। अब फिर से इसकी नीलामी होने जा रही है। वहीं पंचायत समिति सदस्य ने उक्त मामले की पूरी जांच की मांग उठाई है।
कुंगश और कराणा वार्ड के पंचायत समिति सदस्य हितेश कायथ के अनुसार इस तरह अतिथि गृह के बंद होने और निशुल्क पार्किंग देने से समिति को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। पूर्व में पंचायत समिति की पार्किंग 2 लाख 90 हजार और अतिथि गृह की 2 लाख 60 हजार रुपये में नीलाम हुआ था। बोलीदाता की ओर से अब तक धरोहर राशि के सिवाय कुछ भी अदा नहीं किया गया है, जिसके चलते इसे मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इसे अपने अधिकार में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्रार्थी का अग्रिम चैक भी बाउंस हो गया है। मौजूदा समय में पंचायत समिति का अतिथि गृह बंद पड़ा है और पार्किंग में वाहनों की निशुल्क पार्किंग हो रही है। उन्होंने समिति से पार्किंग और अतिथि गृह की फिर से नीलामी करने की मांग की है।
इस संबंध में पंचायत समिति आनी की अध्यक्ष अंजना भारती के अनुसार अतिथि गृह और पार्किंग की जल्द नीलामी के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी से आग्रह किया गया है। वहीं कार्यकारी एवं खंड विकास अधिकारी विद्या ठाकुर ने कहा कि अभी पंचायत समिति के विश्राम गृह की मरम्म्त का कार्य चल रहा है। यह कार्य के पूरा होते ही नीलामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।