सांगला (किन्नौर)। किन्नौर पुलिस की टीम ने अलग- अलग जगहों पर दबिश देकर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान शराब करीब 17 बोतलें पकड़ी हैं। आरोपियों के खिलाफ इस संबंध में मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार भावानगर पुलिस की टीम एएसआई रामसैन की अगुवाई में मुख्य आरक्षी केवल, आरक्षी अमित और महिला आरक्षी अनिता गश्त कर रहे थे। इसी बीच शनिवार देर शाम को भावानगर के आरएस कॉलोनी में एक नेपाली मूल की महिला कानची माया (60) अवैध रूप से ले जाती हुई पकड़ी गई। उसके पास से 4 बोतलें कच्ची शराब की बरामद की।
दूसरे मामले में रिकांगपिओ पुलिस की टीम ने एएसआई मामराज की अगुवाई में एएसआई रणजीत सिंह और मुख्य आरक्षी अरविंद की टीम को कामयाबी मिली। टीम ने जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के एक ढाबे में दबिश देकर देसी शराब की 7 बोतलें पकड़ी।
इसके अलावा मूरंग पुलिस की टीम ने भी एएसआई पुष्पदेव की अगुवाई में मुख्य आरक्षी अजीत और मुख्य आरक्षी राजीव की टीम ने नाके के दौरान रारंग गांव में पीएचसी के नजदीक एक ढाबे में दबिश देकर शराब की 6 बोतलें पकड़ी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी किन्नौर अशोक रत्न ने इसकी पुष्टि की है।