जनमंच के तहत 270 आवेदनों का निपटारा
रिकांगपिओ में कार्यकारी उपायुक्त ने ली विभिन्न विभागों की बैठक
प्रथम, द्वितीय जनमंच कार्यक्रम में आए थे 426 प्रार्थनापत्र
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त कार्यालय में कार्यकारी उपायुक्त डॉ. अवनिंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिले में आयोजित जनमंच कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रथम और द्वितीय जनमंच में ई-समाधान के माध्यम से 426 प्रार्थना पत्र प्राप्त किए गए, जिनमें से 270 प्रार्थना पत्रों का निपटारा किया गया।
बैठक में बताया गया कि सांगला में आयोजित जनमंच में ई-समाधान के माध्यम से 339 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 202 प्रार्थना पत्रों का निपटारा किया जा चुका है। पूह में आयोजित द्वितीय जनमंच के दौरान ई-समाधान के तहत 92 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे। पूर्व में आयोजित जनमंच में 63 प्रार्थना पत्र सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुए थे, जिनमें से 62 का निपटारा किया गया। खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय के 53 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 52 का निपटारा किया गया। खंड विकास कार्यालय को 15 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से सभी का निपटारा किया जा चुका है। वन विभाग को 14 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 13 का निपटारा किया जा चुका है। कार्यकारी उपायुक्त ने बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को जनमंच के दौरान प्राप्त सभी लंबित प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निपटारा करने के और आगामी जनमंच के लिए अति शीघ्र अपनी तैयारियां करके ज्यादा से ज्यादा प्रार्थना पत्रों का मौके पर निपटारा करने के निर्देश दिए।