किसानों-बागवानों को बताए प्राकृतिक खेती के लाभ
रामपुर में कृषक सलाहकार समिति की विशेष बैठक में हुई चर्चा
गांव-गांव में कृषि समूहों का किया जा रहा गठन : अनिल चौहान
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार रामपुर में कृषक सलाहकार समिति की विशेष बैठक केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजना प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान के अंतर्गत 31 पंचायतों के किसानों और बागवानों को जागरूक किया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अनिल चौहान ने की। इस बैठक में कृषि विभाग के एसएमएस रंजीत सिंह वर्मा, उद्यान विभाग के डॉ. अश्वनी और पशु पालन विभाग से डॉ. सुरेश कपूर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में किसानों और बागवानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में सभी विशेषज्ञों ने सभी किसानों और बागवानों को बागवानी, कृषि और पशुपालन से संबंधित कई प्रकार की जानकारियां विस्तृत रूप से दी। सभी किसानों को पंचायतों में जागरूक करने के लिए शिविर का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया।
कृषि सलाहकार समिति के अध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि सुभाष पालेकर प्रशिक्षण केंद्र से आज तक रामपुर क्षेत्र के 39 किसान-बागवान प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव में कृषि समूहों का गठन भी किया जा रहा है। कृषि विभाग रामपुर ने किसानों के लिए 97 लाख स्प्रे पंप, सोलर फेंसिंग, कृषि उत्पाद और औजार बीज आदि पर खर्च किए हैं। प्रदेश और केंद्र सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रयासरत है। इस मौके पर कृषक सलाहकार समिति के सदस्य किशोर परमार, राजेंद्र, आशा देवी, शांति देवी, इंदु हस्टा, अनु पौंड, आत्मा परियोजना के बीटीएम किरण देष्टा और शुभम सहित अन्य मौजूद रहे।