जरूरत अनुसार बसों की व्यवस्था करे प्रदेश सरकार
एसएफआई इकाई के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कहा- जल्द मांग पूरी नहीं की गई तो इकाई छेड़ेगी आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर की एसएफआई इकाई ने छात्रों की सुविधाओं को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। इकाई के सदस्यों ने सोमवार को एसडीएम को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार सड़क हादसों से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। सड़क हादसों का मुख्य कारण ओवर लोडिंग, सड़कों की खस्ता हालत और सरकार की लापरवाही रही है। कुल्लू में हुए बस हादसे के बाद सरकार ने आननफानन में बसों की ओवर लोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए चालान काटने के आदेश जारी किए, लेकिन लोगों को पर्याप्त बस सुविधा उपलब्ध न करवा कर जनता की समस्याओं को बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
एसएफआई ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि सरकार बसों की उचित व्यवस्था करें जिससे जनता को समस्याओं का सामना न करना पड़े। सरकार द्वारा स्कूल और कॉलेजों के समय पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए और प्रदेश के सभी डिपो में खड़ी परिवहन निगम की बसों को सुचारु रूप से चलाया जाए। यदि सरकार जल्द से जल्द इस मांग को पूरा नहीं करती, तो एसएफआई इसके खिलाफ आंदोलन को और उग्र करेगी, जिसकी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर इकाई अध्यक्ष राजीव रसेही, सह सचिव साहिल राणा, नेहा, राजीव, साहिल, यशवंत, गप्पू, अंकित, नरेशा, पूनम, स्वीटी, मीनाक्षी, रोहित, शैला, श्वेता, प्रियंका सहित अन्य मौजूद रहे।