मार्चपास्ट में मझेवटी स्कूल ने मारी बाजी
नरेण में अंडर -19 खंड स्तरीय छात्रा खेल प्रतियोगिता का आगाज
24 स्कूलों से पहुंची 450 छात्राएं स्पर्धाओं में दिखाएंगी दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर खंड की अंडर-19 छात्राओं की खेल प्रतियोगिता का वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नरेण में आगाज हुआ। निदेशक सहकारी बैंक के अध्यक्ष शेर सिंह चौहान ने स्पर्धा का विधिवत शुभारंभ किया। नरेण स्कूल के कार्यवाहक प्राचार्य तिलक भारद्वाज ने मुख्य अतिथि को टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मंच का संचालन सुभाष रांझा ने किया।
अंडर-19 छात्रा खेल प्रभारी चंद्र बदरेल ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 24 स्कूलों से पहुंचीं करीब 450 छात्रा खिलाड़ी दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, वेट लिफ्टिंग, योगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वीरवार को स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर परेड का संचालन किशोरी लाल भलूनी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सभी स्कूलों की छात्राओं ने मुख्यातिथि को मार्चपास्ट द्वारा सलामी दी। मार्चपास्ट में मझेवटी स्कूल ने पहले स्थान पर बाजी मारी। कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर की छात्राओं ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने स्कूल प्रबंधन को दस हजार रुपये एवं कोचिंग कैंप के लिए राशि प्रदान की। इस मौके पर नरेण पंचायत प्रधान एवं निदेशक हिमफेड नरेश चौहान, रामपुर खंड समन्वयक रतन गुप्ता, खंड खेल प्रभारी प्रीतम ठाकुर, सुधीर रोहटा, विशेषर भलैक, चेतन शर्मा, कैलाश भलूनी, शंकर नेगी, कामराज हस्टा, राशि पलमा, संजय नेगी और दुर्गा प्रसाद मौजूद रहे।