अधिकारियों और कर्मचारियों
को किया सुरक्षा बारे जागरूक
सुन्नी डैम परियोजना में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। सुन्नी डैम परियोजना में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लूहरी परियोजना प्रमुख आरएल नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। परियोजना प्रमुख ने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपने कार्यक्षेत्र एवं अपने आस-पास सुरक्षा के साथ कार्य करने की अपील की। सभी कर्मचारियों को अपने कार्य करते हुए सुरक्षा के प्रति जागरुक रहना चाहिए।
इसी कड़ी में सुरक्षा विभागाध्यक्ष राजेंद्र सचदेवा, उप-महाप्रबंधक ने भी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा से संबंधित उपायों से अवगत करवाया। अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा से संबंधित चलचित्र दिखाकर भी जागरूक किया गया। सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के उद्देष्य से सुरक्षा विभाग द्वारा विषेष तौर पर प्रदेश पुलिस थाना सुन्नी और अग्निशमन केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी आमंत्रित किया गया था। पुलिस थाना सुन्नी से आए टीसी ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं सुन्नी अग्निशमन केंद्र के अधिकारी हरीश कुमार ने अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी और अग्नि पर नियंत्रण करने के उपाय बताए। इस मौके पर अरविंद महाजन, राजेश शर्मा, बलजीत सिंह, अक्षय आचार्य सहित अन्य मौजूद रहे।