बार-बार लग रहे पावर कटों से उपभोक्ता बेहाल
रोहडू में बिजली की आंखमिचौनी से कारोबार भी हो रहा प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहडू। उपमंडल में दो दिन से बार बार बिजली के कट लगने से लोग ठंड के मौसम में परेशान हैं। पूरे क्षेत्र में सुबह से शाम तक बार-बार बिजली गुल हो रही है।
रोहडू उपमंडल में सोमवार को दिन में कई बार बत्ती गुल हुई। रात के समय पूरे क्षेत्र में करीब पांच बजे से रात नौ बजे तक पावर कट रहे । मंगलवार को पूरा दिन लगातार अघोषित कट लगते रहे। बिजली न होने से करोबारियों का काम ठप हो रहा है। वहीं, सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है। अगले महीने बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारियां कर रहे स्कूल के बच्चों को भी बिजली बाधित होने से तैयारी करने में समस्या हो रही है। नवंबर माह में बिजली बोर्ड हिमपात से पहले अपनी पुरानी लाइनों की मरम्मत के लिए पहले ही करीब बीस दिन बिजली को बंद रख चुका है। अब मौसम खराब होने पर बिजली की आंखमिचौली लोगों के लिए परेशानी बन चुकी है।
इस संबंध में बिजली बोर्ड के एक्सईएन संजीव रावत ने बताया कि लाइनों में हिमपात के कारण खराबी होने पर फीडर बदलने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार दिन में मैन लाइन से ही सप्लाई बाधित हो रही है। इसलिए लोगों को परेशानी हो रही है। इसे नियमित करने के लिए प्रयास चल रहे हैं।