रोहड़ू। सोमवार रात से लगातार बारिश और हिमपात के बाद ऊपरी शिमला में जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। शिमला मुख्य सड़क सहित क्षेत्र की अन्य सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई है। क्षेत्र के अस्सी प्रतिशत गांव में बिजली गुल है। कड़ाके की ठंड में लोग दिक्कतें झेल रहे हैं।
रोहडू-हाटकोटी-ठियोग सड़क पर खड़ापत्थर में करीब पौने दो फुट हिमपात हो चुका है। रोहडू से रामपुर के बीच सुंगरी में भी करीब एक फुट हिमपात हो चुका है। डोडरा क्वार सड़क पहले से ही वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। डोडरा क्वार में बारह घंटे से सभी गांव में बिजली गुल है। मंगलवार को दोपहर बाद से रोहडू, चौपाल और जुब्बल कोटखाई के अधिकांश गांव में बिजली की लाइने टूटने के बाद विद्युत आपूर्ति बाधित हो चुकी है। रोहडू, चौपाल, जुब्बल, चिडगांव, टिक्कर क्षेत्र के करीब पचास प्रतिशत रूट वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो चुके हैं।
रोहडू एचआरटीसी के रोहडू डिपों से खंगटेड़ी, मलखून, सुंगरी, भूठ खिलाडग़ी खनोला, बशला, नंदपुर, छाजपुर, बरथाटा, शीलघाट, टिक्कर, मंढोल, शील बराल, छौहारा क्षेत्र के खाबल-सिंदासली, दियूदी, तांगणू, लड़ोट, खरशाली, खशधार, रोहल, चिलाला जखनोटी, डिस्वाणी, दली-ढाकगांव, गवास, रनोल, रोहडू-रंटाड़ी रूटों पर बस सेवा बंद है। परिवहन निगम के क्षेत्रिय प्रबंधक विनोद शर्मा के अनुसार हिमपात के कारण ऊंचाई वाले गांव के साठ प्रतिशत तक रूट बंद हो चुके हैं। शिमला के लिए कल से वाया पांवटा बस सेवा चलाई जाएंगी।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता संजीव रावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हिमपात के कारण बिजली की लाइनें टूट चुकी हैं। मौसम खुलने के बाद लाइनों को रिस्टोर करने का काम शुरू किया जाएगा।