रामपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस
गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर एसडीएम ने ली समीक्षा बैठक
समारोह में स्कूली छात्र देेंगे रंगारंग कार्यक्रमों पर प्रस्तुतियां
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणंतत्र दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में जहां विभिन्न विभागों और स्कूलों से आए हुए छात्र परेड करेंगे, वहीं समारोह में क्षेत्र भर के विभिन्न स्कूलों से आए छात्र छात्राएं भी रंगारंग कार्यक्रमों पर प्रस्तुतियां देंगे।
गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपमंडल अधिकारी रामपुर नरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीएम ने समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपमंडल के विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षकों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम नरेंद्र चौहान ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन पद्म छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैदान में किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण प्रात: 11 बजे किया जाएगा। उसके बाद रामपुर खंड के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। समारोह में होनहारों को भी सम्मानित किया जाएगा। एसडीएम रामपुर ने क्षेत्र के लोगों से समारोह में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की है। इस मौके पर थाना प्रभारी रामपुर रविंद्र नेगी, सीडीपीओ अजय बदरेल, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश गुप्ता सहित विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक मौजूद रहे।