जगातखाना (रामपुर बुशहर)। शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल जगातखाना में नव वर्ष के आगमन पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक कुमारी मधु नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन समिति ने मुख्य अतिथि का कार्यक्रम में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
नव वर्ष 2019 के स्वागत को लेकर शाइनिंग स्टार के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम पेश कर दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अध्यापक एचएल नागटा ने मौजूद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी गाने सूरमा सिरमौर वालिए, दोहडू धोए डूंगे नालुए, रोहडू जाणा मेरी आमिये जैसे गानों पर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा कलाकारों ने हिंदी, किन्नौरी, राजस्थानी और पंजाबी गानों पर नृत्य पेश कर खूब वाहवाही लूटी। मुख्यातिथि मधु नेगी ने छात्र-छात्राओं को नव वर्ष की बधाई दी और जीवन में कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर कुमारी वंदना, रीना, प्रीति, पूनम नेगी, रूचि मेहता, पूनम चौहान, रीटा, ममता नेगी, लता, बबली, अमित और निशा सहित विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।