एससीए चुनाव बहाल करे सरकार : एसएफआई
समस्याओं को लेकर एसएफआई ने रामपुर कॉलेज में किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल कॉलेज रामपुर में बुधवार को एसएफआई ने एससीए चुनाव की बहाली और समस्याओं को लेकर कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो इकाई संघर्ष को और तेज करेगी, जिसकी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी।
इकाई उपाध्यक्ष नेहा ने कहा कि रामपुर कॉलेज में 4800 बच्चों को पढ़ाने के लिए मात्र 48 अध्यापक हैं। जिला सहसचिव बंटी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों का एक अधिकार है, जिसे सरकार ने 2014 से पूरी तरह से बंद कर दिया है। भाजपा सरकार ने अपने घोषण पत्र में कहा था कि जब हमारी सरकार सत्ता में आएगी, तो छात्रसंघ चुनाव को बहाल करेंगे लेकिन अब भाजपा सरकार वादे को भूल गई है। रामपुर कॉलेज में विद्यार्थी को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। टूटे-फूटे बैंच के सहारे छात्र कक्षाएं लगाने को मजबूर हैं। कॉलेज में पानी के कूलर खराब पड़े हैं। इकाई ने दो टूक शब्दों में कॉलेज प्रबंधन को चेताया है कि जल्द से जल्द उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर सूरज, राजीव, राहुल, संजय, महेंद्र, नरेश, अंकिता, परमजीत, नेहा, अभिषेक और अनु सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।