आनी (कुल्लू)। बीते दस वर्षों से विभागीय लेटलतीफी का दंश झेल रही शमशर-च्वाई-दलाश सड़क की हालत दयनीय है। क्षेत्र के लोग एक दशक से इस सड़क को पक्का करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन लोगों की आवाज न तो किसी नेता ने सुनी और न ही विभाग ने। सड़क को पक्का करने के लिए कोई बजट उपलब्ध नहीं हो पाया। च्वाई स्कूल से लेकर बखनाओं तक सड़क पर मिट्टी डाली गई, जिससे बारिश में मुश्किलें बढ़ गई हैं।
च्वाई पंचायत प्रधान ताराचंद, शिल्ली पंचायत प्रधान भगवान दास, संजय कायथ, दिवान राजा, प्रेम कुमार, राजेंद्र कुमार, रणजीत, सुरजीत, गुलाब वर्मा, शेर सिंह, योधराज, लोतम राम सहित सैकड़ों ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क को पक्का करने की मांग पूरी नहीं हो रही है। सड़क पर गड्ढ़े ही गड्ढे हैं। च्वाई स्कूल से लेकर बखनाओं तक सड़क पर मिट्टी डाली गई है। बारिश होने के बाद यह सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तबदील हो गई है। आलम यह है कि सड़क पर लोगों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। सबसे ज्यादा समस्या च्वाई स्कूल के पीछे रहती है। यहां लोनिवि ने पानी निकासी के लिए उचित कदम नहीं उठाया है। बारिश होने पर छात्रों सहित आम लोगों को कीचड़ में सफर करना पड़ रहा है। उधर, एसडीओ दलाश अंशुल चौधरी का कहना है कि सड़क पर डाली गई मिट्टी को जल्द हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क को पक्का करने की डीपीआर बनाई गई है। जैसे ही स्वीकृति मिलती है तो सड़क को पक्का किया जाएगा।