युवा संसद में रोहड़ू स्कूल की छात्राएं छाईं
उपमंडल स्तरीय युवा संसद स्पर्धा का आयोजन
विद्यार्थियों ने ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में उपमंडल स्तरीय युवा संसद स्पर्धा का आयोजन किया गया। युवा संसद स्पर्धा में रोहड़ू, जुब्बल और टिक्कर ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों से छात्रों ने भाग लिया। स्पर्धा में स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
युवा संसद में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रोहड़ू की छात्राओं ने प्रथम स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मचोती ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लोअरकोटी ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्पर्धा में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शरौंथा, टिक्कर, सोलंग, सरस्वतीनगर, समरकोट, रोहड़ू और समोली का भी अच्छा प्रदर्शन रहा। सभी ने समाज के ज्वलंत मुद्दों को युवा संसद के माध्यम से उठाया। स्कूल के अन्य छात्रों को लोकतंत्र की प्रक्रिया के बारे में बताया। स्पर्धा में जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिथटा, राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता ओमप्रकाश शर्मा और लोक प्रशासन के प्रवक्ता त्रिलोक ठाकुर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर प्रवक्ता संजीव चौहान, देसराज, किशोर शर्मा, सतनाम खागटा, जितेंद्र शर्मा, संदीप शर्मा, संजीव तेगटा और संजीव भारद्वाज विशेष रुप से उपस्थित रहे।