अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर के दरशाल और लालसा में दो भालुओं ने दो व्यक्तिओं पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। तकलेच के दरशाल में भालू के हमले से गंभीर घायल सुशील (24) को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। लालसा में भालू के हमले से घायल यशपाल (49) को रामपुर के खनेरी अस्पताल में दाखिल किया गया है, जहां इसका उपचार किया जा रहा है। भालू के हमले से पूरे क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। वन विभाग रामपुर ने दोनों पीड़ितों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
डीएफओ रामपुर अशोक नेगी ने बताया कि जब अरलू निवासी यशपाल 8 बजे अपनी गाय के साथ जा रहा था तो रास्ते में भालू ने उस पर हमला कर दिया। जब तक यशपाल कुछ समझ पाता, भालू ने उसे पूरी तरह से लहूलुहान कर दिया। उसके चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण उसकी तरफ भागे, लेकिन तब तक भालू जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को बुलाया और यशपाल को गंभीर अवस्था में महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर पहुंचाया। हादसे में यशपाल के सिर, पांव, बाजू और कान में भालू ने गहरे जख्म किए हैं।
वहीं, दूसरी घटना में दरशाल गांव का सुशील कुमार पुत्र सोहन लाल जब सुबह उठकर खेत जा रहा था तो रास्ते में भालू ने उस पर हमला बोल दिया। सुशील को भालू ने मुंह में ज्यादा नोंचा है। इससे उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया। शरीर के अन्य हिस्से में भी भालू के नाखूनों के निशान हैं। ये हादसा शुक्रवार सुबह 9 बजे के करीब हुआ। गंभीर हालत में सुशील को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार देकर शिमला रेफर कर दिया गया। उधर, डीएफओ वन विभाग रामपुर अशोक नेगी ने बताया कि भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, दोनों घायलों को 5-5 हजार रुपये की राहत दे दी गई है।