रामपुर बुशहर। रामपुर स्थित पदम वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शिक्षा विभाग की टीम औचक निरीक्षण के लिए पहुंची। उप निदेशक इंस्पेक्शन शिव राम ठाकुर की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम ने स्कूल में दी जा रही शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। साथ ही शिक्षा के स्तर को लेकर प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीम ने छात्रों का शिक्षा स्तर, परीक्षाओं के परिणाम, चाइल्ड हेल्पलाइन, स्मार्ट क्लासेज और स्कूल को सरकार की ओर से दिए जाने वाले विभिन्न फंडों की जांच की। इसके बाद स्मार्ट क्लास का टाइम टेबल निर्धारित करने और शिक्षा के स्तर को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा छात्रों से ली जा रही फीस संबंधी जानकारी भी ली। उप निदेशक इंस्पेक्शन शिव राम ठाकुर ने बताया कि पांच सदस्यों की टीम प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में शिक्षा के स्तर की जांच कर रही है। यह टीम संबंधित स्कूलों की रिपोर्ट तैयार कर विभाग के आलाधिकारियों को प्रस्तुत कर रही है। रामपुर छात्र स्कूल में शिक्षा व्यवस्था पर टीम ने संतोष जताया। टीम में लाल सिंह चौहान, भागचंद चौहान, केडी शर्मा, टीआर वर्मा, प्रधानाचार्य बीडी कश्यप मौजूद रहे।