बीच रास्ते में खराब हो रही बस, लोग पैदल सफर को मजबूर
कूट और क्याव दुर्गम पंचायतों की आबादी मेें निगम के खिलाफ रोष
तीन पंचायतों के लिए एक बस होने से हमेशा रहती है ओवरलोडिंग
लोगों ने क्याव के लिए अलग से बस सेवा शुरू करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की दो दुर्गम पंचायतों कूट और क्याव में पथ परिवहन निगम की बस के अक्सर खराब हो जाने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियां से झेलनी पड़ रही हैं। इन पंचायतों के लोगों मेें रोष है कि परिवहन निगम रामपुर की ओर से आए दिन खटारा बस भेजी जा रही हैं, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस हमेशा आधे रास्ते में ही खराब हो जाती है, जिसके कारण उन्हें 10 किमी पैदल सफर कर गांव पहुंचना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों के अनुसार क्याव, कूट और किन्फी दुर्गम क्षेत्रों के लिए केवल मात्र एक बस सेवा ही चल रही है, जिसके कारण बस में अकसर ओवरलोडिंग रहती है। ओवरलोडिंग के चलते हादसे होने की आशंका भी बनी रहती है। उक्त गांव से 40 बच्चे रोजाना गानवी स्कूल के लिए जाते हैं, लेकिन रास्ते मेें बस खराब होने से बच्चों को भी पैदल स्कूल जाना पड़ रहा है। क्याव पंचायत उपप्रधान दिलीप निल्टू, अनिल कुमार, केहर नेगी, जितेंद्र, पंकज राणा, अजय, शंकर, कुलदीप, मेजर सिंह और उद्धव सहित अन्य ग्रामीणों के अनुसार क्याव के लिए अलग बस सेवा चलाई जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी न हो। जनमंच कार्यक्रम गानवीं में भी क्याव और कूट के लिए अलग बस लगाने की मांग की गई थी, लेकिन आज तक इस मांग पर कोई गौर नहीं किया गया। उन्होंने परिवहन निगम प्रबंधन के अधिकारियों को चेताया कि यदि समय रहते बस सेवा को दुरुस्त नहीं किया गया तो रामपुर आरएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वहीं परिवहन निगम रामपुर के अड्डा प्रभारी भागंचद के अनुसार उक्त रूट पर नई मॉडल की बसों को नहीं भेजा जा सकता। सड़क पर पहाड़ी होने के कारण बस की छत पहाड़ी से लगती है, जिसके कारण पुरानी मॉडल की बसों को ही भेजा जा रहा है। उक्त रूट पर खटारा बसों को नहीं भेजा जाता। रास्ते में टायर पंचर के कारण अकसर परेशानियां पेश आ रही हैं।