ऋषि पंचमी मेला धूमधाम से शुरू
मेले में इस साल पांच देवी देवता कर रहे हैं शिरकत
मेले में दिनभर चला नाटियों का दौर, उमड़ी भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र का प्राचीन एवं ऐतिहासिक दो दिवसीय ऋषि पंचमी मेला सोमवार को देव मिलन के साथ धूमधाम से शुरू हुआ। मेले में इस साल पांच देवी देवता आराध्य जोगेश्वर महादेव, खोडू देवता, कुई कंडा नाग देवता, शाणी दुगा माता और कुलक्षेत्र देवता ओलवा शिरकत कर रहे हैं।
शिव मंदिर दलाश से पांचों देवी-देवताओं के रथ के साथ लोग नाचते-गाते मेला स्थल तक पहुंचे। मेला स्थल पर देवताओं का मिलन देखने लायक था। जिसके साक्षी सैकड़ों लोग बने। सोमवार से शुरू हुए मेले में पहले दिन पहुंचे लोगों को यहां की लोक संस्कृति के बारे में जानकारी मिली। मेले में दिन भर नाटियों का दौर चलता रहा। मेला कमेटी के प्रधान उत्तम ठाकुर का कहना है कि इस मेले में देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेला हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।