मतदाता सूची के पुनरीक्षण के
लिए कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
ठियोग (रामपुर बुशहर)। आगामी लोकसभा निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के बारे में प्रतिनियुक्त अभिहित कर्मचारियों को एसडीएम कार्यालय ठियोग के सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। दो चरणों में दिए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ठियोग निर्वाचन क्षेत्र के समस्त मतदान केंद्रों में तैनात किए गए 161 अभिहित अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में निर्वाचन कानूनगो प्रदीप शर्मा ने दो माह तक चलने वाले मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण के संबंध में उनके दायित्व के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार पहली सितंबर से 31 अक्तूबर तक पूरे दो माह में मतदाता सूचियों को पुनरीक्षण होना है। मतदाता सूचियों को त्रुटि रहित बनाने व नए पात्र नागरिकों के नाम सूची में पंजीकृत करवाने को लेकर प्रत्येक मतदान केंद्र में दावे और आक्षेप प्राप्त किए जाएंगे। वर्तमान मतदाता सूची का प्रारूप 1 सितंबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर अभिहित अधिकारी व बीएलओ के पास और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) के कार्यालय में जनसाधारण के निरीक्षण के लिए प्रकाशित की जाएगी। पुनरीक्षण की अवधि के दौरान पात्र इच्छुक नागरिक, जिनकी आयु 1 जनवरी 2019 को या इससे पूर्व 18 वर्ष को पूरी होनी है अथवा हो चुकी है, अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत करवाने के लिए मतदान केंद्र में अभिहित अधिकारी के पास या निर्वाचन कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।