रोहड़ू।
क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्ति पीठ हाटकोटी मंदिर में नवरात्र के अंतिम दिन रविवार को माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दुर्गा मंदिर परिसर माता के जयकारों से दिन भर गूंजता रहा। क्षेत्र के दूरदराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर न्यास कमेटी की ओर से लोगों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर में रविवार को माता के आठवें और नौवें रूप की एक साथ पूजा की गई।
मंदिर प्रांगण में सुबह से ही माता के दर्शन के लिए कतारें लगनी शुरू हो गई थी। दिन भर मंदिर में दर्शन करने का सिलसिला जारी रहा। नवरात्र के उपलक्ष्य पर मंदिर परिसर में सजी दुकानों में जमकर खरीदारों की गई। अष्टमी व नवमी के लिए मंदिर में विशेष रूप से प्रसाद बनाकर बांटा गया। मंदिर को पूरी तरह से फूलों से सजाया गया था। दिन भर माता की भेंटें चलती रही। हर नवरात्र में भंडारे का आयोजन किया गया। नवरात्र के अंतिम दिन लंगर भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के बाहर भी सड़कों पर वाहनों की भीड़ रही। प्रशासन की ओर से मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने बताया कि मंदिर में सभी न्यास के सदस्यों व अन्य विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सभी ने व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया। ट्रैफिक व कानून व्यवस्था बनाने के लिए मंदिर के बाहर पुलिस के जवान भी तैनात थे।