संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा(रामपुर बुशहर)। नोग वैली से 12/20 क्षेत्र को जोड़ने वाली लालसा-बाहलीधार और डंसा पनोली सड़क पर बस सुविधा न मिलने से क्षेत्र के लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति रोष है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर दो बार वाया डंसा पनोली और लालसा रूट पर बस सेवा शुरू की, लेकिन क्षेत्र के लोगों को कोई फायदा नहीं मिल रहा।
उल्लेखनीय है कि इन दोनों रूट से 12/20 वैली के लिए निजी वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से चल रही है। 12/20 क्षेत्र को जोड़ने वाली वाया तकलेच सड़क हर साल भू-स्खलन के चलते सेरीपुल से बरकल तक बाधित होती रहती है, जिसके चलते क्षेत्र के हजारों ग्रामीण असुविधाएं झेलते हैं। ऐसे में लालसा, डंसा पनोली बाहलीधार सड़क विकल्प के तौर पर मील का पत्थर साबित होगी। समय और दूरी के लिहाज से भी लोगों को काफी फायदा मिल रहा है। इस सड़क से क्षेत्र की कूहल, देवठी, मुनिश, दोफदा, डंसा, लालसा और शिंगला पंचायत के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। बीते वर्ष भारी बरसात में दोनों छोर पर जगह-जगह मलबा आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग ने सड़क को दुरुस्त कर लिया है। धार्मिक दृष्टि से भी सड़क का खासा महत्व है। यह सड़क धार्मिक पर्यटन स्थल श्राईकोटी माता मंदिर को भी जोड़ती है। इस सड़क पर बस सेवा शुरू होने से हजारों श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।
क्षेत्र के जय सिंह, लायक राम, दिनेश, खूब राम, घनश्याम, गोवर्धन, प्रकाश, जगत राम, होरी लाल, मेहर चंद सहित अन्य ग्रामीणों ने सरकार, प्रशासन और परिवहन निगम प्रबंधन से गुहार लगाई है कि जल्द 12/20-बाहलीधार के लिए दोनों रूट पर बस सेवा बहाल की जाए। उन्होंने चेताया कि यदि ग्रामीणों की मांगों को अनसुना किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बाहलीधार के लिए वाया लालसा रूट बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बिल्कुल तैयार है। डंसा पनोली रूट पर एक दो जगह पर पेड़ों की टहनियां लग रही हैं, जिन्हें कटवाने में स्थानीय लोग विभाग का सहयोग नहीं दे रहे हैं।
-बृज लाल, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग के रामपुर।