केंद्र पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
किसान सभा जिला कमेटी की बैठक में बोले पदाधिकारी
कहा-किसानों के पक्ष में नीति नहीं बना पाई प्रदेश सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। हिमाचल किसान सभा जिला कमेटी शिमला की आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. ओंकार शाद और राकेश सिंघा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले स्वामीनाथ कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने की बात की थी। केंद्र सरकार के कार्यकाल के चार साल होने के बाद भी सरकार ने न तो किसानों की फसलों को खरीदने की सही व्यवस्था की है और न ही लागत मूल्य के ऊपर लाभकारी मूल्य निर्धारित किया है। किसानसभा की बैठक जिला अध्यक्ष सत्यवान पुंडीर की अध्यक्षता में नारकंडा विश्राम गृह में आयोजित हुई।
हिमाचल किसान सभा के जिला सचिव देवकी नंद ने कहा है कि प्रदेश सरकार भी किसान के पक्ष में नीति बनाने में नाकाम रही है। गरीब किसानों की कब्जे वाली जमीन की नियमितीकरण के लिए सरकार ने प्रयास नहीं किए हैं। प्रदेश में पशुपालकों को दूध का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। आज दूध के दाम 14 से 20 रुपये प्रति लीटर हैं। दूसरी तरफ पानी की बोतल के भी प्रदेश में 20 रुपये से अधिक दाम तक मिल रहे हैं।
नौ अगस्त को सरकार के खिलाफ बोलेंगे हल्ला
किसानसभा प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 9 अगस्त को शिमला और रोहडू प्रदर्शन करेंगी। वहीं दूध का मूल्य निर्धारित करने के लिए 9 अगस्त को रामपुर के दत्तनगर में प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर जगदीश कुमार, प्रेम, सुभाष, हेम राज, सुख देव, दयाल, राकेश वर्मा, विवेक कुमार, राजीव, दिनेश, ताराचंद, ओपी भारती, केशव राम के अलावा कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।