आनी (कुल्लू)।
सैंज-आनी-औट एनएच-305 पर आनी और निगान के बीच कुरवा में आईपीएच की सिंचाई कुहल के रिसाव से सड़क में गड्ढे पड़ चुके हैं। इससे यहां से आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। पिछले करीब एक सप्ताह से सड़क पर कुहल का पानी रिस रहा। इससे पानी की बर्बादी भी हो रही। गड्ढे पढ़ने से कारों के चैंबर फट गए हैं।
वाहन चालक धर्मपाल ठाकुर, योगेश चौहान, राजकुमार चौहान, सतीश कुमार, ओम प्रकाश ठाकुर, प्रेमपाल और ज्ञानचंद का कहना है कि जिला मुख्यालय कुल्लू को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोज सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है। कुहल से हो रहे लगातार रिसाव से सड़क धंसने का भी अंदेशा बना हुआ है। आईपीएच विभाग और एनएच प्राधिकरण समस्या का समाधान नहीं कर रहे। लोागें ने आईपीएच विभाग और एनएच प्राधिकरण से जल्द से जल्द समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। एनएच प्राधिकरण आनी के एसडीओ सुनील गुप्ता ने कहा कि समस्या को लेकर आईपीएच को वर्ष 2016 और हाल ही में लिखित रूप से सूचित किया गया है। इसके बाद भी समस्या जस की तस है। उधर, आईपीएच विभाग आनी के एक्सईएन रविंद्र कुमार शर्मा ने माना कि कुहल में लीकेज की समस्या बनी हुई। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।