बटसेरी-छितकुल सड़क खस्ताहाल
21 किलोमीटर सड़क की खुदाई करने से घंटों लग रहा जाम
निजी कंपनी की मनमानी लोगों को पड़ रही है भारी
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला वैली से होकर गुजरने वाली बटसेरी-छितकुल सड़क पर सफर करना काफी मुश्किल हो गया है। निजी कंपनी की मनमानी क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। निजी कंपनी की ओर से 21 किलोमीटर लंबी सड़क की खुदाई की जा रही है। इससे सड़क पर घंटों जाम लग रहा है।
ऐसे में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से मरीजों सहित अन्य लोगों को काफी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। करीब 2-2 घंटे तक बड़े-छोटे वाहनों की दोनों तरफ लंबी कतारें लग रही हैं। कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष उमेश नेगी, उपाध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी, पीतांबर दास नेगी, प्रताप नेगी, दिग्विजय नेगी, रघुवीर सिंह नेगी, धर्मज्ञान नेगी, किशोर नेगी, त्रिलोक नेगी और बद्री नेगी सहित अन्य लोगों ने कहा कि लोक निर्माण विभाग सड़क की खस्ताहालत से उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उक्त सड़क पर हमेशा हादसे का अंदेशा बना रहता है। घंटों लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।
वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग भावानगर के अधिशाषी अभियंता आरएल चौहान ने बताया कि निजी कंपनी को इसके बारे में नोटिस जारी कर उससे जवाबतलब किया गया है। कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सड़क की खुदाई उतनी ही करें, जितनी जरूरत होगी।