दलाश (कुल्लू)।
क्षेत्र की व्युंगल पंचायत के होआ गांव की सुरभि नेगी ने एचएएस की परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुरभी नेगी का चयन तहसीलदार पद के लिए हुआ है। सुरभि नेगी ने मात्र 27 साल की उम्र में एचएएस की परीक्षा पास की है। सुरभी नेगी की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल रामपुर में हुई। इसके बाद उन्होंने जमा दो तक की शिक्षा डीपीएस झाकड़ी से की।
एनआईटी हमीरपुर से इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्यूनिकेशन में वीटेक की डिग्री हासिल की। इसमें भी सुरभी नेगी ने टॉप किया। यहां से उनका सेमसंग कंपनी बंगलूरू के लिए चयन हुआ। इसके बाद उनकी सीनियर सॉफ्टरवेयर इंजीनियर के पद पर सालाना 15 लाख के पैकेज पर तैनाती हुई। लेकिन सुरभि नेगी की रुचि सिविल सर्विस में थी। नौकरी छोड़ कर सिविल सर्विस की तैयारियों में जुट गई और मेहनत रंग लाई। सुरभी नेगी के पिता सतपाल नेगी दलाश ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। माता शीला नेगी आनी में शिक्षा विभाग में वीपीओ के पद पर कार्यरत है। सुरभि नेगी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है।