बजीर बावड़ी वाया झाकड़ी भेजे जाएंगे भारी वाहन
स्थानीय प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर बनाई रणनीति
मेले के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में चलाई जाएंगी अतिरिक्त बसें
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। 11 नवंबर से लेकर 14 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। मेले के दौरान रामपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या न हो इसके लिए भारी वाहनों को बजीर बावड़ी जगातखाना, चाटी वाया झाकड़ी भेजा जाएगा। जिससे मैन बाजार में मेले के दौरान जाम की समस्या से लोगों को परेशानी न हो। मेले के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए भी ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे लोगों को मेले में आने में किसी प्रकार परेशानी न हो।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और व्यापार मंडल रामपुर के सदस्यों के साथ शुक्रवार को बैठक आयोजित की। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने अधिकारियों के साथ गहन विचार विमर्श किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, आईपीएच, विद्युत, नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और परिवहन व्यवस्था पर अधिकारियों के सुझाव सुनने के बाद लवी मेले के दौरान सुचारु व्यवस्था पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि भारी वाहनों को बजीर-बावड़ी से झाखड़ी की ओर भेजा जाएगा, जिससे यातायात सुचारु रूप से चले। सांस्कृतिक संध्या के दौरान कलाकारों के नाम पर भी विस्तृत चर्चा की गई और सुझाव आमंत्रित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त पथ परिवहन निगम की बसों को चलाया जाएगा, जिससे स्थानीय ग्रामीण लवी मेले का लुत्फ उठा सकें। मेला मैदान में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को और व्यापारी वर्ग को कोई दिक्कत न आए। इस अवसर पर डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा, खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन वर्मा और आला अधिकारी मौजूद रहे।