रामपुर के 19 केंद्रों में पेयजल और
28 केंद्रों में शौचालय की सुविधा नहीं
पेयजल और शौचालय की कमी से जूझ रहे हैं आंगनबाड़ी केंद्र
एसडीएम ने आईपीएच को दिए जल्द व्यवस्था करने के निर्देश
सुभाष सेन
रामपुर बुशहर। महिला और बाल विकास को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं चला रखी हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के कई आंगनबाड़ी केंद्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। केंद्रों में स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं नहीं हैं। बाल विकास परियोजना विभाग भी इस सुविधाओं को मुहैया करवाने में विफल रहा है। रामपुर उपमंडल की विभिन्न पंचायतों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों पेयजल और शौचालय व्यवस्था नहीं है।
खंड के 19 आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की सुविधा नहीं है और वर्तमान समय में इन आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी इधर-उधर से ढोना पड़ रहा है। रामपुर उपमंडल के गानवी वृत्त में 1, ज्यूरी वृत्त में 4, सराहन 1, गोपालपुर 5, रामपुर 1, डंसा 4 और बाहली वृत्त के 3 आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा उपमंडल के गानवी वृत्त में 1, ज्यूरी के 4, सराहन के 2, गोपालपुर के 6, रामपुर के 3, डंसा के 4, बरकल के 1, तकलेच के 2 और बाहली वृत्त के 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय की सुविधा नहीं है।
इस संबंध में एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने आईपीएच विभाग को जल्द से जल्द इन आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बाल विकास परियोजना अधिकारी को भी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण संबंधित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं इस संबंध में बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर अजय बदरेल ने बताया कि संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण को लेकर विकास खंड अधिकारी से एस्टीमेट मंगाया गया है, जो विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। जल्द ही इन केंद्रों में शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।