अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
रामपुर उपमंडल की तकलेच पंचायत के दरशाल और मतैलनी गांव में बीते मंगलवार को बादल फटने से भारी नुकसान हुआ था। बादल फटने से आई बाढ़ के कारण दर्जनों बीघा उपजाऊ भूमि पर मलबा बिखर गया है। ऐसे में किसानों, बागवानों को खेती करने का संकट पैदा हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में विद्युत और पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है। हालांकि प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था कर ग्रामीणों को पेयजल मुहैया करवा रहा है। क्षेत्र के लोग अभी भी डर के साये में जी रहे हैं।
बादल फटने की घटना में प्रशासन ने करीब एक लाख 20 हजार रुपये के नुकसान का आकलन किया है। बादल फटने से आई बाढ़ के प्रभावित को प्रशासन की ओर से पांच हजार रुपये की फौरी राहत भी जारी की गई है। बाढ़ आने से करीब 50 बीघा जमीन में पूरी तरह से मलबा भर गया है। स्थानीय प्रशासन ने मनरेगा के तहत किसानों के खेतों से मलबा हटाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि बादल फटने से आई बाढ़ से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। मनरेगा के तहत खेतों से मलबा हटाया जाएगा। विद्युत बोर्ड और आईपीएच को व्यवस्था बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं।