युवा सजग रहेंगे तो भविष्य होगा उज्ज्वल
आनी कॉलेज में नशे के दुष्प्रभाव बारे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने विद्यार्थियों को किया संबोधित
अमर उजाला ब्यूरो
दलाश (कुल्लू)। ‘सहभागिता हमारी और आपकी’ कार्यक्रम के तहत राजकीय महाविद्यालय आनी में एकदिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कॉलेज पहुंचने पर प्रशासन ने उनका स्वागत किया।
जिला पुलिस कुल्लू की ओर से आयोजित सहभागिता हमारी और आपकी’ कार्यक्रम के तहत कुल्लू नुक्कड़ टीम ने नशे के दुष्प्रभावों पर सुंदर नाटक प्रस्तुत करके युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। प्रोजेक्ट के संयोजक बीजू ने सभी युवाओं से नशे के खिलाफ चली इस मुहिम में जुड़ने की अपील की। वहीं एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि भारत देश सर्वाधिक युवा शक्ति वाला देश है। किसी भी देश की प्रगति में युवा शक्ति का अहम योगदान होता है लेकिन अधिकतर युवा कई तरह के नशे के आदी हैं, जो एक शुभ संकेत नहीं है। ऐसे में एक सभ्य, आदर्श और उन्नत समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य जिला कुल्लू में नशे को जड़ से खत्म करना है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अगर आज युवाओं को नशा करने से नहीं रोका गया तो अंधकारमय भविष्य निकट है। उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से सवाल-जवाब भी किए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन और नेहरू युवा केंद्र द्वारा चलाए जा रहे प्रोजेक्ट में अपनी-अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने कुल्लू पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही इस मुहिम की सराहना की। इस अवसर पर डीएसपी आनी तेजेंद्र वर्मा, एचएचओ भाग सिंह, पंचायत प्रधान तलुणा दीपिका शर्मा, प्रमोद चौहान, सुनीता देवी, आशा ठाकुर, चमन शर्मा, दिवान, बबली, अरुण और नितिन भारद्वाज समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।