यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड बनाने
के लिए जाना पड़ रहा मीलों दूर
सीएमओ ने दिया जल्द लोकमित्र केंद्रों में कार्ड बनवाने का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
दलाश (कुल्लू)। प्रदेश में यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत सभी राज्यवासियों को मुफ्त इलाज प्रदान किया जाना है। वहीं कुल्लू जिला के आनी में यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड के लिए आवेदन करने वालों को इन्हें बनाने के लिए करीब 100 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय कुल्लू के चक्कर काटने को विवश होना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों को हेल्थ कार्ड बनाने के लिए खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
आनी उपमंडल की विभिन्न पंचायतों में इन दिनों स्वास्थ्य हेल्थ कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत इसमें यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड भी बनाए जा रहे हैं, जिसकी रजिस्ट्रेशन तो लोकमित्र केंद्रों से हो रही है, लेकिन लोगों को इस कार्ड को बनाने के लिए जिला अस्पताल कुल्लू जाना पड़ रहा है। ऐसे में परिवार के वयोवृद्ध लोगों को आनी के दूरदराज क्षेत्रों से कुल्लू पहुंचना बहुत मुश्किल हो रहा है। क्षेत्र के लोगों ने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से उनके स्वास्थ्य कार्डों को भी लोकमित्र केंद्रों में ही बनवाने का आग्रह किया है, जिससे वे लोग इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठा सकें। यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड बनने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अस्पताल में दाखिल मरीज को पांच लाख रुपये तक इलाज की मुफ्त सुविधा प्रदान की जाती है।
उधर, एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि इस विषय को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से बात की जाएगी, जिससे क्षेत्र की जनता को कोई परेशानी पेश न आए। वहीं हालांकि इस बारे में सीएमओ कुल्लू डॉ. सुशील चंद्र ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही सरकार की ओर से दी जा रही स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के कार्ड विभिन्न लोकमित्र केंद्रों में बनाए जाएंगे। इसके लिए लिए उन्होंने प्रयास शुरू कर दिए हैं। अब लोगों को इन स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए कुल्लू नहीं आना पड़ेगा। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड बनवाने वाली कंपनी से भी इस बारे बात करेंगे।